सिधौना मेहनाजपुर आजमगढ़ । ठाकुर वासुदेव सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में यूनियन बैंक की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सतर्कता, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों तथा भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सतर्कता जागरूकता विषय पर गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए। इसके साथ ही निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को यूनियन बैंक की ओर से प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ। आयोजकों ने विद्यार्थियों को ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है कार्यक्रम में यूनियन बैंक की ओर से इश्तियाक अरशद रीजनल मैनेजर, आजमगढ़ , श्रेय गुप्ता सेंटर ऑफिस, विजिलेंस विभाग , चंदन कुमार चीफ मैनेजर, विजिलेंस, आजमगढ़ , पंकज कुमार (विजिलेंस विभाग, आजमगढ़), अभिनव प्रकाश (ब्रांच मैनेजर, देवगांव) तथा नीरंजन कुमार सिंह (ब्रांच मैनेजर, निहोरगंज) की उपस्थिति रही। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सतर्कता, पारदर्शिता और ईमानदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रबंधक चंद्रभान सिंह (मोनू ), प्रधानाचार्य राजेश सिंह तथा उपप्रधानाचार्य हरिशंकर सिंह सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने किया। विद्यालय परिवार ने बैंक अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं कार्यक्रम के अंत में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बैंक अधिकारियों ने भ्रष्टाचार को रोकने, अनियमितताओं के प्रति सजग रहने तथा समाज में पारदर्शिता और नैतिकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया इस प्रकार ठाकुर वासुदेव सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि ईमानदारी और सतर्कता केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए भी आवश्यक हैं।
अनिल सिंह की रिपोर्ट